समाज और देश पर पंकज बिंदास की पाँच कविताएँ: अस्तित्व, पत्थर, देश को होना चाहिए, नारी और कवि की कलम। स्वतंत्रता, सत्ता और समाज पर तीखे सवाल।
कविता केवल भावनाओं का गीत नहीं, समाज से पूछा गया सवाल भी है। युवा कवि पंकज बिंदास की ये पाँच कविताएँ स्वतंत्रता के अर्थ, मन पर रखे भारी पत्थर, देश और सत्ता के रिश्ते, नारी के प्रति समाज के दोहरे मानदंड और कवि की कलम के दायित्व पर सवाल उठाती हैं।
यह एक अतिथि रचना है। रचनाओं में व्यक्त विचार रचनाकार के अपने हैं।
अस्तित्व
हम स्वतंत्र हैं लेकिन
हम वैसा कुछ नहीं करते
जो करके स्वतंत्रता
हमारी सार्थक हो।
हम नहीं करते विरोध
हम नहीं करते सवाल
हम अपने जहन में अपने
अस्तित्व को मार देते।
हिमालय ही न रहेगा
तो नदी की स्वतंत्रता क्या
हिमालयी अस्तित्व से ही
सागर सी स्वतंत्रता संभव।
~ पंकज बिंदास
पत्थर
वो बड़ा पत्थर भारी पत्थर
जिसे बड़ी मुश्किल से उठाकर
रखा जाता है घास पर
तो घास उजड़ जाती है
घास की जड़ें मर जाती हैं.
रखा जाता है मिट्टी पर
मिट्टी उड़ जाती है
बची-खुची मिट्टी
काँप जाती है
और चिपक जाती है पत्थर पर
वो बड़ा पत्थर भारी पत्थर
जिसे बड़ी मुश्किल से उठाकर
रखा जाता है दीवार के ऊपर
तो दीवार थरथराती है-
मानो कहती है -
हटाओ ये पत्थर
वरना दीवार ढह जाएगी
वो बड़ा पत्थर भारी पत्थर
जिसे बड़ी मुश्किल से उठाकर
डाला जाता है पानी पर
पानी का अस्तित्व हिल जाता है
पानी कायरों की भांति घबराकर
छोड़ देता अपना ही मुल्क
और फिर उस मुल्क पर
वो बड़ा पत्थर भारी पत्थर
करता अनंत अतिक्रमण
वो बड़ा पत्थर भारी पत्थर
हाँ हाँ वही पत्थर
बड़ी मुश्किल से उठाकर
रखा है मैंने अपने दिल पर.
~ पंकज बिंदास
देश को होना चाहिए
किसी देश को होना चाहिए
एक पेड़ की तरह
पेड़ की जड़ों की तरह होना चाहिए
देश के सत्ताधीश को
अत्यंत गहरा एवं अप्रकाशित।
किसी फलदार पेड़ पर जब लगते हैं फल
सबसे पहले पकते हैं ऊंचाई वाले फल
सबसे रसीले होते हैं ऊंचाई वाले फल
पेड़ के जिस हिस्से की दूरी जड़ों से सर्वाधिक है
वो हिस्सा समृद्ध होता है उतना ही
लेकिन अफ़सोस! देश के मामले में ऐसा नहीं है
किसी देश को होना चाहिए एक पेड़ की तरह।
~ पंकज बिंदास
नारी
नारी में होता है नारीत्व
पुरुष में होता है पुरुषत्व
पर यह 'सतीत्व' क्या?
जो बस 'नारियों में होना चाहिए'
पुरुषों जवाब दो!
हज़ारों वर्ष पहले एक
प्रतिमान घटित हुआ था
पर अफ़सोस! तुम उसके
साँचे में न ढल पाए
मर्यादा पुरुषोत्तम एक ही हुए।
कालांतर में शाप देना
बन गया तुम्हारा 'मौलिक अधिकार'
जैसे गौतम ने दिया था!
नारी का जड़-पत्थर रहना
हो गया उनका 'मौलिक कर्तव्य'।
~ पंकज बिंदास
कवि की कलम
लिखेगी कवि की कलम लिखेगी
जब-जब देश की कीर्ति गिरेगी
देश-छवि बदमाशों से घिरेगी
जब गद्दारों की चलेगी
तब लिखेगी जरूर लिखेगी
कवि की कलम लिखेगी।
जब बहनों पर अत्याचार
निर्भया सा बलात्कार
जब कानून की नहीं चलेगी
दरिंदों की दाल गलेगी
तब लिखेगी जरूर लिखेगी
कवि की कलम लिखेगी।
जब गरीबी इतनी बढ़ेगी
गरीब की कुटिया बिकेगी
देख यह उसकी साँस रुकेगी
उधर अमीरी खीर पकेगी
तब लिखेगी जरूर लिखेगी
कवि की कलम लिखेगी।
जब सुरक्षा नहीं मिलेगी
खुलेआम बंदूक चलेगी
जब लहू की धार बहेगी
देश में हलचल मचेगी
तब लिखेगी जरूर लिखेगी
कवि की कलम लिखेगी।
~ पंकज बिंदास
परिचय: पंकज बिंदास
उत्तराखंड की प्राकृतिक सुषमा से आच्छादित माँ अलकनंदा और माँ मंदाकिनी नदियों के बीच स्थित भगवान कार्तिकेय और माता नैणी देवी की छत्रछाया में गढ़वाल के रुद्रप्रयाग जनपद में आगर गाँव स्थित है। जहाँ 18 अगस्त 1997 को श्री जसपाल सिंह नेगी और श्रीमती छोटी देवी की द्वितीय संतान के रूप में पंकज बिंदास का जन्म हुआ, इनका बचपन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित और संपन्न कराते बीता,जो इनकी रचनात्मक का द्योतक है।प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी विद्यालय में हुई तत्पश्चात हाईस्कूल और इंटर की शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज घिमतोली से पूरी की। कवि हृदय इन्हें बचपन से मिला था,सो बचपन से ही कविताएं लिखने का सिलसिला शुरू हुआ, प्राकृतिक सौंदर्य ऐसा मिला की प्रकृति-प्रेमी हो गए तथा साहित्य में गहरी रुचि पैदा हुई।
परिणामस्वरूप हेमती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में पंकज बिंदास हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से हिन्दी साहित्य में पीएचडी कर रहे हैं। विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में इनकी रचनाएं प्रकाशित हो रही हैं, जिनमें- अभ्युदय,आकाश कविघोष, प्रांजल,कलश, मनसंगी आदि प्रमुख हैं।
साहित्यिक विधाएं- कविता (छंदबद्ध और छंदमुक्त दोनों),गीत, ग़ज़ल, कहानी, संस्मरण, छंदबद्ध के अंतर्गत मुक्तक,दोहा घनाक्षरी, विधाता, हाइकु आदि।
साझा संकलन -माँ.. जिंदगी मेरी, सुलगते अल्फ़ाज़, आओ अब गांव लौट चलें, रामजी से राम-राम।
साहित्य सम्मान- हिंदी गौरव सम्मान, अभ्युदय लेखक सम्मान, प्रेम सुधा पहल सम्मान, शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान, उत्तम सृजन सम्मान, कविघोष रत्न सम्मान, श्रेष्ठ काव्य पथिक सम्मान, साहित्य गौरव सम्मान, देवभूमि उत्तराखंड साहित्य सम्मान, विश्व हिंदी दिवस सम्मान 2024, राजा राम सम्मान, राम लला सम्मान, नववर्ष कवि सम्मान 2024, उत्तराखंड साहित्य साधक सम्मान, राब्ता काव्य शिरोमणि सम्मान, महिला शक्ति काव्य रत्न सम्मान, अर्धनारीश्वर सम्मान, उन्नत लेखन सम्मान, श्रेष्ठ साहित्यकार सम्मान, काव्य रक्षक, हिन्दी साहित्य सेवी सम्मान, साहित्य सृजन सम्मान, साहित्य रत्न सम्मान, युवा रत्न सम्मान, हिन्दी रत्न सम्मान, युवा लेखक सम्मान।
पंकज बिंदास की और कविताएँ
- प्रेम की कविताएँ ~ पंकज बिंदास
- मोबाइल और सोशल मीडिया पर कविताएँ ~ पंकज बिंदास
- हौसले और जीवन की कविताएँ ~ पंकज बिंदास
आप भी अपनी रचनाएँ हिंदी साहित्य दर्पण पर भेज सकते हैं। आपको इनमें से कौन-सी कविता सबसे अच्छी लगी? नीचे टिप्पणी में बताइए।
COMMENTS